8वाँ सीएमएस वातावरण कार्यक्रम

5 Oct 2015
0 mins read

9 से 13 अक्टूबर 2015 को दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में 8वें सीएमएस वातावरण का आयोजन होने जा रहा है। यह कार्यक्रम 2002 से लेकर प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है। इसका आयोजन ‘सेंटर फॉर मीडिया रिसर्च’ करवाती है। पाँच दिन के आयोजन में सेमिनार, मीडिया वर्कशाप आयोजित की जाएंगी साथ ही जल, स्वच्छता, पर्यावरण एवं वन्य जीव से सम्बन्धित फिल्में भी दिखाई जाएंगी। इस साल कार्यक्रम में केन्द्रीय रेल मन्त्री सुरेश प्रभु, जल संसाधन, नदी विकास  एवं गंगा संरक्षण मन्त्री उमा भारती, दिल्ली के मुख्यमन्त्री अरविन्द केजरीवाल, दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष कपिल मिश्रा जैसे प्रतिष्ठित व्यक्ति हिस्सा लेगें।

 

इस वर्ष के आयोजन की थीम ‘जीवन के लिए पानी’ है और मुख्य केन्द्र ‘जल निकायों का संरक्षण’ पर रहेगा। कार्यक्रम रोज सुबह के 10 बजे से शाम के 6:30 बजे तक चलेगा। जल, स्वच्छता, पर्यावरण एवं वन्य जीव पर आधारित सर्वश्रेष्ठ फिल्मों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतिभागी यहाँ ग्रीन हाट, फूड कोर्ट, प्रदर्शनी, स्टॉल आदि का भी लुत्फ उठा सकेंगे।

 

सीएमएस वातावरण की शुरूआत 2002 में हुई थी। यह संस्था पर्यावरण और वन्य जीव पर आधारित क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देने का कार्य करती है। इसका सपना पर्यावरण से सम्बन्धित मुद्दों को मनोरंजन और गहराई के साथ परोसना है ताकि लोग जागरूक हो सकें। इसी उद्देश्य से हर वर्ष पर्यावरण और वन्य जीवन पर आधारित सर्वश्रेष्ठ फिल्मों और उससे जुड़े विशेषज्ञों को यह एक प्लेटफार्म पर लाता है ताकि लोगों तक जानकारी पहुँचाई जा सके। इसके लिए प्रतिवर्ष यह एक थीम का चुनाव करता है।

 

इस वर्ष के मीडिया पार्टनर लोक सभा टीवी व वर्ल्ड वाइड फण्ड है। आउटडोर प्रमोशन पार्टनर अर्घ्यम, द एशिया फाउण्डेशन व जर्मन कॉपरेशन हैं। 12 अक्टूबर को 10:30 से 12:30 बजे अर्घ्यम पानी पर एक वर्कशाप का आयोजन कर रहा है।

 

इस कार्यक्रम में कोई भी व्यक्ति मुफ्त में अपना पंजीकरण करवाकर शामिल हो सकता है। अपना पंजीकरण करवाने के लिए कृपया नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें। आप कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी भी इस लिंक द्वारा प्राप्त कर सकते हैं।

 

 

http://vat2015.cmsvatavaran.org/festival-registration/

Posted by
Get the latest news on water, straight to your inbox
Subscribe Now
Continue reading